टॉप न्यूज़

बेटा ही बन गया दर्द की वजह : पिता ने लगाया चोरी का आरोप, न्याय की लगाई गुहार

पिता द्वारा पूर्व में भी मारपीट कर घायल करने का लगाया गया है आरोप

बलराम शर्मा 

मेराल। जिस बेटे को कभी पिता ने अपनी उंगली पकड़कर चलना सिखाया, उसी बेटे पर आज पिता ने घर और दुकान में चोरी करने, मारपीट करने तथा पैसे लूटने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मेराल थाना मुख्यालय के नेनुआ मोड़ पूर्वारा टोला निवासी वीरेंद्र नाथ महतो ने अपने पुत्र सूर्यकांत महतो के विरुद्ध थाना में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। यह मामला केवल एक आपराधिक शिकायत नहीं, बल्कि एक ऐसे परिवार की पीड़ा भी है, जहां पिता-पुत्र का रिश्ता अविश्वास और विवाद की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। वीरेंद्र नाथ महतो ने थाना को दिए आवेदन में बताया कि रविवार को वे किसी कार्य से गढ़वा गए हुए थे। इस दौरान उनकी पत्नी घर के ऊपरी तल्ले पर काम कर रही थीं। आरोप है कि इसी बीच उनका पुत्र सूर्यकांत दुकान में घुसा और करीब छह हजार रुपये नकद, जमीन का कागजात तथा लगभग चार किलो मूंग दाल बैग में भरकर ले गया।

जब उनकी पत्नी नीचे आईं तो आसपास के लोगों ने बताया कि उनका बेटा दुकान से कुछ सामान लेकर गया है। गढ़वा से लौटने के बाद वीरेंद्र नाथ महतो ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी, जिसमें उनके अनुसार सूर्यकांत दुकान से सामान लेकर जाता हुआ स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

वीरेंद्र नाथ महतो का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका पुत्र पहले भी कई बार दुकान में चोरी कर चुका है तथा मारपीट कर उन्हें घायल भी कर चुका है। इस संबंध में पूर्व में भी थाना में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से उसका मनोबल बढ़ता गया।

पीड़ित पिता ने इस बार आवेदन के साथ सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने की मांग की है। अब पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।

यह घटना समाज के सामने एक गंभीर सवाल भी खड़ा करती है कि जब परिवार का सबसे मजबूत रिश्ता ही आरोप-प्रत्यारोप और विवाद में बदल जाए, तो सबसे अधिक पीड़ा उस पिता को होती है, जिसने अपने बेटे के उज्ज्वल भविष्य के लिए जीवनभर संघर्ष किया हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!