गुरु पूर्णिमा पर पतंजलि योग समिति का भव्य आयोजन
योग, गुरु वंदना सह गुरु दक्षिणा एवं वैदिक हवन-यज्ञ से भक्तिमय हुआ वातावरण

गुरु का सान्निध्य ही जीवन को अंधकार से प्रकाश और अज्ञान से ज्ञान की ओर ले जाता है : रास बिहारी तिवारी
बलराम शर्मा
गढ़वा। भारतीय संस्कृति में गुरु को ईश्वर से भी श्रेष्ठ स्थान प्रदान किया गया है। इसी सनातन परंपरा को जीवंत करते हुए गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पतंजलि योग समिति सह भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के तत्वावधान में आर्य समाज मंदिर स्थित डीएवी मॉडल स्कूल की योग कक्षा में योगाभ्यास, गुरु वंदना, गुरु दक्षिणा समर्पण एवं वैदिक हवन-यज्ञ का गरिमामय आयोजन किया गया। श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपने गुरु के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन योग सत्र से हुआ, जिसमें मुख्य योग प्रशिक्षक सुशील कुमार केशरी ने प्रतिदिन की भांति योग साधकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। योगाभ्यास के उपरांत आयोजित गुरु वंदना समारोह में राज्य प्रभारी रास बिहारी तिवारी, राज्य मीडिया प्रभारी संतोष कुमार पांडे, जिला प्रभारी संतोष कुमार चौबे, जिला संगठन मंत्री सह मुख्य योग शिक्षक प्रदीप केशरी, योग विस्तारक सुशील कुमार केशरी तथा जिला महिला प्रभारी चंचला सिंह ने संयुक्त रूप से योग ऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया। उपस्थित योग साधकों ने श्रद्धा और समर्पण के भाव से अपने योग गुरु के प्रति गुरु दक्षिणा अर्पित की।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता राज्य प्रभारी रास बिहारी तिवारी ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाला शिक्षक नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला पथप्रदर्शक होता है। गुरु ही मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाकर उसके व्यक्तित्व का निर्माण करता है। उन्होंने कहा कि गुरु हमारी सुप्त प्रतिभाओं को जागृत कर जीवन को उद्देश्यपूर्ण बनाता है। उन्होंने योग ऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाकर स्वस्थ भारत के निर्माण का अभियान चलाया है। साथ ही वे लाखों युवाओं को शिक्षित, संस्कारित, आत्मनिर्भर एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक बनाने का महान कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी से गुरु के आदर्शों और उपदेशों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के तृतीय सत्र में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत हवन-यज्ञ संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने आहुति अर्पित कर राष्ट्र की समृद्धि, विश्व शांति, मानव कल्याण तथा स्वस्थ एवं संस्कारित समाज की कामना की। वातावरण वैदिक मंत्रों, यज्ञ की पावन सुगंध और आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान हो उठा। अंत में शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
जिला कोषाध्यक्ष सत्यनारायण दुबे ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, योग साधकों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में दिलीप शर्मा, अनिल शर्मा, सतेंद्र सोनी, सुरेंद्र कुमार केशरी, जयंती देवी, विमला देवी, शिवकुमार साहू, जयप्रकाश केशरी, विवेकानंद पांडे, अरविंद मिश्रा, राम प्रवेश प्रसाद, पूनम चंद कांस्यकार, सूर्यदेव दुबे, श्रवण कुमार, शिवनारायण प्रसाद, गुप्तेश्वर सोनी, रीमा देवी, विवा प्रकाश केशरी, अधिवक्ता मंजू शुक्ला, रानी कुमारी, रीमा स्वरूप, ललित कुमार, अभिमन्यु चौबे, सुरेंद्र शर्मा, विष्णु राउत, हीवंती सोनी, शशि कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में योग साधक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




