एक हजार कांवरियों को बोल बम रवाना कर बोले पूर्व मंत्री मिथिलेश, ‘इस यात्रा का उद्देश्य राजनीतिक नहीं, बाबा के दर्शन का अवसर देना है’

16 वर्षों से लगातार जारी है धार्मिक यात्रा : श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित बस के साथ-साथ ठहरने एवं खाने-पीने की होती है व्यवस्था
गढ़वा। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर द्वारा मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से करीब एक हजार कांवरियों को बाबा बैद्यनाथ धाम एवं अन्य धार्मिक यात्रा के लिए रवाना किया गया। करीब एक हजार श्रद्धालुओं को बैजनाथ धाम की धार्मिक यात्रा के लिए डेढ़ दर्जन सुरक्षित बसों में खाने पीने तथा ठहरने आदि की व्यवस्था की गई है। सभी बस को गढ़वा बस स्टैंड से झंडी दिखाकर कांवरियों को रवाना किया गया। इस अवसर पर कांवरियों के साथ साथ अन्य श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे बोल बम के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

इससे पूर्व मेराल से करीब 100 श्रद्धालु स्वर्गीय विमल ठाकुर स्मृति भवन एकत्रित होकर हाई स्कूल शिव मंदिर पहुंचे जहां से प्रखंड अध्यक्ष सूर्य प्रकाश – सुड्डू, विनोद प्रसाद, हेमंत कुमार सिंह आदि झामुमो कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में बोल बम के जयकारे लगाते हुए मेराल बस स्टैंड पहुंचे और दो बसों पर सवार होकर पूर्व मंत्री के आवास पहुंचे जहां जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे सभी कांवरिया भोजन करके सभी चिनियां मोड़ स्थित काली मंदिर परिसर पहुंच दर्शन पूजन कर मिथिलेश ठाकुर के नेतृत्व में सभी कांवरियों ने पैदल रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर होते हुए गढ़देवी मंदिर में दर्शन पूजन के बाद सभी बस स्टैंड पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं को नाश्ता, अंगवस्त्र सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर देवघर के लिए रवाना किया गया।

मौके पर मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी करीब एक हजार कांवरियों को बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए देवघर भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और यह धार्मिक यात्रा पिछले 16 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस यात्रा का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर ऐसे लोगों को भी बाबा के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है, जो अपने स्तर से देवघर जाने में सक्षम नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग के लोगों को श्रद्धा और आस्था के साथ बाबा का दर्शन करने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कांवरियों से बाबा भोलेनाथ से गढ़वा सहित पूरे झारखंड की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना करने की अपील की तथा सभी की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की प्रार्थना की।

यात्रा को लेकर कांवरियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने कहा कि सामूहिक रूप से बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए जाने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष शंभु राम, सचिव शरीफ अंसारी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा चौबे, मीडिया पैनलिस्ट धीरज दुबे, वरिष्ठ नेता जवाहर पासवान, संतोष केशरी, अराधना सिंह, चंदा देवी, तनवीर आलम, मनोज ठाकुर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।



