मां के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर निहाल हुए श्रद्धालु, जयकारों से गूंज उठे पूजा पंडाल

चांदनी चौक से गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा
बलराम शर्मा
मेराल। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मेराल प्रखंड के विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां दुर्गा की आराधना के बीच श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कलश स्थापना कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद परंपरानुसार बेलवा अधिवास का अनुष्ठान संपन्न हुआ, जिसके साथ मां दुर्गा के पट खुलने और उनके दिव्य स्वरूप के दर्शन का श्रद्धालुओं को बेसब्री से इंतजार रहा। धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ पूजा समितियों की ओर से मां दुर्गा की आराधना की गई और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली की कामना की गई। मां दुर्गा के पट खुलते ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां के दिव्य और मनोहारी स्वरूप का दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे। पंडालों में गूंजते ‘जय माता दी’ के जयकारे, शंखध्वनि और घंटियों की आवाज से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो गया। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश झुकाकर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।



