चेड़ी धाम मंदिर का ताला तोड़ लाखों के जेवरात और नकदी की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

श्रद्धालु मन्नत के अनुसार यहां रुपया पैसा के साथ-साथ सोना चांदी के आभूषण चढ़ते हैं, घटना के बाद लोगों में रोष व्याप्त
बलराम शर्मा
मेराल । थाना क्षेत्र अंतर्गत अरंगी पंचायत के माहेताम गांव के प्रसिद्ध आस्था का केंद्र चेड़ी धाम मंदिर में शनिवार की रात में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। मेराल प्रखंड के बेचिरागी गांव माहेताम में स्थित चेड़ी दाई धाम मंदिर आसपास के क्षेत्र के लोगों का आस्था का प्रसिद्ध केंद्र है जहां आम से लेकर खास सभी लोग मन्नत पूरी होने के लिए यहां पूजा-अर्चना तथा बली देते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार मन्नत पूरा होने पर श्रद्धालु मन्नत के अनुसार यहां रुपया पैसा के साथ-साथ सोना चांदी आभूषण चढ़ते हैं। वरिष्ठ समाज सेवी गंगा प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि यह धाम गांव के बाहर है जहां आस पास में कोई घर नहीं है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने रात्रि में मंदिर के आधा दर्जन ताले को तोड़कर दान पेटी से नगदी तथा सोने-चांदी के लाखों रुपए मूल्य के आभूषण की चोरी को अंजाम दिया है। इस घटना से पूरे इलाके के श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों के अनुसार चोरों ने चढ़ावा में आया सोने का मंगलसूत्र, सोने की बिंदी, कान की बाली और नथिया सहित कई कीमती आभूषण रखा था। चोरी की जानकारी रविवार की सुबह चली जब श्रद्धालु मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए मंदिर पहुंचे तो देखा मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ और बिखरा पड़ा सामान देखकर दंग रह गए।इस घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस प्रशासन को दिया गया। सूचना मिलते ही मेराल पुलिस घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मंदिर में हुई चोरी की घटना का प्रारंभिक अनुमान लगभग 8 लाख से ऊपर बताई जा रही है हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन मंदिर समिति द्वारा किया जा रहा है। इस चोरी की घटना के बाद मंदिर समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है लोगों ने मंदिरो की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रही चोरी की घटनाएं प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही है लोगों ने प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी एवं मंदिर परिसर में अस्थाई सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। इस घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांव से भी बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर पहुंच गए। और लोगों का कहना है कि मंदिर में हुई चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचाया है। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा मंडल अध्यक्ष अशोक केसरी जिप सदस्य संजय सिंह अमित अग्रवाल चतुर्गुण राम चतुर्वेदी सिंह ब्रजराज सिंह ओम प्रकाश सिंह राजन सिंह इंदेश पांडे सहित सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इस घटना के बारे में थाना प्रभारी विष्णु कांत से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है जल्द ही मामले का उद्वेदन किया जाएगा। चोरी की घटना पर भाजपा जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पुलिस से तत्काल चोरी की घटना का उद्वेदन करने का मांग किया।




