देवगाना मोड़ पर चार दुकानों के ताले टूटे, चोरी की वारदात नाकाम

सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदारों में मचा हड़कंप, पूर्व में भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
मेराल (जनहित न्यूज लाइव) । थाना क्षेत्र के देवगाना मोड़ पर गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की नीयत से एक साथ चार दुकानों के ताले तोड़ दिए। हालांकि, चोर दुकानों से सामान चोरी करने में सफल नहीं हो सके। शुक्रवार की सुबह दुकानदार जब अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे हुए ताले देखकर उनके बीच हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी प्रज्ञा केंद्र संचालक नूरे आलम, सिंगर स्टोर संचालक असगर अंसारी, पोल्ट्री फार्म संचालक आबिद अंसारी तथा किराना दुकान संचालक अजय चौधरी को हुई। दुकानदारों ने तत्काल दुकान खोलकर अंदर रखे सामान की जांच की। जांच के दौरान सभी दुकानों में सामान सुरक्षित और व्यवस्थित मिला। इसके बाद दुकानदारों ने राहत की सांस ली।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने दुकानों में प्रवेश कर चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन किसी कारणवश वारदात को अंजाम दिए बिना ही मौके से फरार हो गए। एक ही रात में चार दुकानों के ताले टूटने की घटना से देवगाना मोड़ के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मेराल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकानदारों से घटना के संबंध में जानकारी ली तथा आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों और चोरों के सुराग तलाशने में जुटी है।
पूर्व में भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
इधर, घटना के संबंध में पूछे जाने पर स्थानीय मुखिया अनिल चौधरी ने बताया कि बीती रात चार-पांच दुकानों के ताले तोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि देवगाना मोड़ पर इससे पहले भी गुमटी और दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। हाल ही में देवगाना के बिछिया दामर टोला नदी किनारे सिंचाई के लिए लगाए गए करीब डेढ़ से दो किलोमीटर बिजली के तार की भी चोरी कर ली गई थी। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि पूर्व की चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।



