टॉप न्यूज़

विश्व आदिवासी दिवस पर नगर भवन में गूंजा जनजातीय संस्कृति का रंग

17 लाभुकों के बीच 1677 एकड़ का व्यक्तिगत व सामुदायिक वन पट्टा वितरित, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

गढ़वा (जनहित न्यूज लाइव)। विश्व आदिवासी दिवस 2026 के अवसर पर रविवार को स्थानीय नगर भवन में जिला प्रशासन की ओर से भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी, भगवान बिरसा मुंडा तथा शहीद नीलांबर-पीतांबर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, डीडीसी प्रेमलता मुर्मू एवं वन विभाग के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया।

उपायुक्त ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस जनजातीय समाज की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपरा, ज्ञान और गौरवशाली विरासत को सम्मान देने का अवसर है। यह महोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अस्मिता एवं अधिकारों की रक्षा का साझा संकल्प है। एसपी आशुतोष शेखर ने संस्कृति से जुड़े रहने के साथ वैज्ञानिक सोच और शिक्षा को अपनाने पर जोर दिया।

समारोह में विभिन्न आवासीय विद्यालयों, शिक्षा विभाग एवं जेएसएलपीएस की महिलाओं ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य, गीत-संगीत और नाटक प्रस्तुत किए। वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत 13 लाभुकों को 19 एकड़ व्यक्तिगत तथा चार लाभुकों को 1658 एकड़ सामुदायिक वन पट्टा प्रदान किया गया।

इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वालों को शॉल एवं पगड़ी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आदिवासी खान-पान एवं शिल्प कला के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!