टॉप न्यूज़

बौराहा मुख्य सड़क पर जलजमाव से ग्रामीण त्रस्त, उपायुक्त से स्थायी समाधान की मांग

आवेदन की प्रतिलिपि डीडीसी तथा मेराल के सीओ सह बीडीओ को भी दिया गया है

बलराम शर्मा

मेराल (जनहित न्यूज़) । प्रखंड के बौराहा गांव के ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर लंबे समय से बनी जलजमाव की गंभीर समस्या के समाधान की मांग को लेकर उपायुक्त गढ़वा को आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि कन्हाई होटल से देवी धाम तक निर्मित सड़क पर लगभग एक फीट तक पानी जमा रहने से राहगीरों, स्कूली बच्चों, दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क बौराहा, विकताम, ओखरगाड़ा, पचपेड़ी, मझिआंव तथा मेराल मुख्यालय को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। लगातार जलजमाव के कारण सड़क पर आवागमन जोखिमपूर्ण हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है तथा आमजन का दैनिक आवागमन प्रभावित हो रहा है। आवेदन में ग्रामीणों ने समस्या के स्थायी समाधान हेतु जल निकासी के लिए नाली निर्माण अथवा सड़क पर पीसीसी ढलाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या से स्थायी रूप से निजात मिल सके। आवेदन की प्रतिलिपि उप विकास आयुक्त, गढ़वा तथा मेराल के सीओ सह बीडीओ को भी दिया गया है। आवेदन पर जिला परिषद सदस्य संजय सिंह, बीडीसी छठनी देवी, वार्ड सदस्य सविता देवी, रिंकू देवी, अनिल कुशवाहा, शीला कुशवाहा, मनोज कुमार कुशवाहा सहित दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर अंकित हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!