मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर शांति समिति की बैठक

मेराल। प्रखंड में मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर रविवार को थाना परिसर में पुलिस उपाधीक्षक दिलु लोहार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों एवं ताजिया कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में प्रखंड की सभी 20 पंचायतों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं से प्रशासन को अवगत कराया। प्रशासन की ओर से त्योहार के दौरान हरसंभव सहयोग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।
डीएसपी दिलु लोहार ने कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने कहा कि जिन ताजिया कमेटियों के लाइसेंसधारी व्यक्तियों का निधन हो चुका है, वे तत्काल बैठक कर नए व्यक्ति के नाम से लाइसेंस निर्गत कराने की प्रक्रिया पूरी करें।
थाना प्रभारी विष्णु कांत ने कहा कि सभी कमेटियां प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व का आयोजन करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने ताजिया कमेटियों से वॉलिंटियर का चयन कर उनकी सूची थाना में उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया। साथ ही चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए मुहर्रम पर्व के लिए नियुक्त दंडाधिकारी बसंत पांडेय, प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी, उपप्रमुख निजामुद्दीन खान, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, राजद के कार्यकारी जिलाध्यक्ष करीब अंसारी, अतहर अली, सांसद प्रतिनिधि विजय गुप्ता मुखिया रामसागर महतो आदि ने त्योहार को आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
बैठक में मुखिया मनदीप सिंह, अजीज अंसारी, संजय राम, मो. जहूर, खालिद, जाफर अंसारी, पूर्व मुखिया रामप्रवेश चंद्रवंशी, नेपाल विश्वकर्मा, रविंद्र गुप्ता, महमूद अंसारी, रूपु महतो, धर्मराज राम, विजय चौधरी समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल थे।




