मुहर्रम जुलूस में मां शायर देवी धाम संचालन समिति ने पेश की आपसी सौहार्द की मिसाल

मेराल की पहचान वर्षों से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे के लिए रही है : संचालन समिति
बलराम शर्मा
मेराल। गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश करते हुए प्रखंड मुख्यालय के प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम संचालन समिति द्वारा मुहर्रम के जुलूस के दौरान स्वागत पंडाल लगाकर अकीदतमंदों का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान जुलूस में शामिल लोगों के लिए शीतल जल और अन्य जलपान की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर समिति के मुख्य संरक्षक प्रेमचंद प्रसाद, संजय भगत तथा अध्यक्ष विजय प्रसाद ने कहा कि समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और समरसता को मजबूत करने के उद्देश्य से यह स्वागत पंडाल लगाया गया है। उन्होंने कहा कि मेराल की पहचान वर्षों से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे के लिए रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाने और सामाजिक एकता का संदेश देने के लिए समिति लगातार ऐसे आयोजन करती रही है।

स्वागत पंडाल पर बड़ी संख्या में जुलूस में शामिल लोगों ने जलपान ग्रहण किया और समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सद्भाव एवं धार्मिक सौहार्द का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
