मेराल में ‘आपन सरस्वतीया’ नदी सफाई अभियान के 11वें दिन समीक्षा बैठक, थाना प्रभारी ने सहयोग का दिया भरोसा

थाना प्रभारी विष्णुकांत ने आपन सरस्वतीया अभियान का किया सराहना, सहयोग करने का दिया भरोस
बलराम शर्मा
मेराल । प्रखंड में प्रशासन एवं जनसहयोग से संचालित ‘आपन सरस्वतीया’ नदी सफाई एवं चौड़ीकरण अभियान के ग्यारहवें दिन अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व मुखिया रामसागर महतो ने किया। बैठक में अब तक हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए अभियान को और अधिक प्रभावी एवं जनसहभागिता आधारित बनाने पर चर्चा की गई।
बैठक के उपरांत अभियान से जुड़े लोगों ने मेराल थाना पहुंचकर थाना प्रभारी विष्णुकांत से उनके कार्यालय कक्ष में सामूहिक मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें अभियान की उद्देश्यपूर्ण गतिविधियों की जानकारी देते हुए इस जनहितकारी पहल से जुड़ने और सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।
थाना प्रभारी विष्णुकांत ने व्यस्तता के बावजूद अभियान के तहत नदी की सफाई एवं चौड़ीकरण कार्यों में अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने भविष्य में अभियान से जुड़कर हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने बताया कि अभियान के 11वें दिन पुरवारा टोला श्मशान घाट के समीप नदी क्षेत्र में साफ-सफाई एवं श्रमदान का कार्य किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों एवं समाजसेवियों को शाम 4 बजे स्थल पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण करने तथा अभियान को आगे बढ़ाने में सहयोग करने के लिए आमंत्रित किया।
बैठक में अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने, अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने तथा नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया।
मौके पर संजय भगत, विजय प्रसाद, अतहर अली, मनोज जायसवाल, महेंद्र प्रसाद, धनंजय चौधरी, मदन यादव, सतीश प्रसाद गुप्ता, मनोज राम आदि उपस्थित थे।


