डैम में डूबने से एक किशोर एवं किशोरी की मौत, गांव में पसरा मातम

प्रशासन की उपस्थिति में गोताखोरों ने कड़ी मेहनत कर दो घंटा के बाद शव निकाला बाहर
घटना पर पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने जताया दुख
बलराम शर्मा
मेराल । थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती चामा पंचायत के गोवरदाहा गांव में गुरुवार की सुबह करीब 8:30 बजे हड़वडिया डैम में डूबने से एक किशोर और एक किशोरी की मौत होने से गांव में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार गोवरदाहा गांव निवासी अजीमुद्दीन खान की पुत्री जैनाब खातून 13 वर्ष नहाने के दौरान डैम में डूबने लगी।जिसे देख रिश्ते में भतीजा सोहेल खान पिता इकबाल खान 12 वर्ष गहरे पानी में बचाने का प्रयास करने लगा, इसी क्रम में दोनों गहरे पानी में डूब गए। उनके साथ मौके पर मौजूद अन्य बच्चों के हो हल्ला करने पर गांव-परिवार के लोग पहुंच कर गहरे पानी में डूबे दोनों किशोरों को निकालने का प्रयास किया परंतु सफलता नहीं मिली।

घटना की जानकारी मिलने पर सीओ यशवंत नायक, थाना प्रभारी विष्णुकांत दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से दोनों की खोजबीन शुरू कराया। कड़ी मशक्कत से लगभग दो घंटा के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया।
परिजनों का रो रो कर बुरा हाल
हादसे के बाद दोनों किशोरों का शव डैम से निकलते ही परिवार में कोहराम मच गया, परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
घटना पर पूर्व मंत्री ने जताया दुख परिजनों को बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर अपने सहयोगी कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पहुंचकर घटना पर दुख जताते हुए शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाया तथा हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया। मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष शंभू राम, मुखिया प्रतिमा देवी, लक्ष्मी विश्वकर्मा, विजय विश्वकर्मा, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

