टॉप न्यूज़

योग से निरोगी जीवन का संदेश लेकर निकला पथ संचलन

फोरेस्ट कॉलोनी में पतंजलि योग समिति का योग जागरूकता अभियान, ‘घर-घर जाएंगे, सबको योग सिखाएंगे’ के नारों से गूंजा इलाका

बलराम शर्मा 

गढ़वा। पतंजलि योग समिति सह भारत स्वाभिमान न्यास की ओर से रविवार को फोरेस्ट कॉलोनी स्थित योग कक्षा परिसर में योग जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत योग साधकों ने नियमित योगाभ्यास के साथ पथ संचलन कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया और स्वस्थ जीवन के लिए योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत फोरेस्ट कॉलोनी योग कक्षा में सामूहिक योगाभ्यास से हुई। इसके बाद योग साधकों ने अनुशासित ढंग से पथ संचलन किया। यह संचलन फोरेस्ट कॉलोनी परिसर से शुरू होकर कचहरी रोड तथा फोरेस्ट ऑफिसर कॉलोनी होते हुए पुनः फोरेस्ट कॉलोनी पहुंचा। इस दौरान योग साधकों ने उत्साहपूर्वक “घर-घर जाएंगे, सबको योग सिखाएंगे”, “करें योग, रहें निरोग”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया। पथ संचलन के दौरान साधकों ने संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की प्रभावी पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर के साथ मन को भी स्वस्थ एवं सकारात्मक रखने में सहायता मिलती है। योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संगठन की ओर से निरंतर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी योग साधकों ने सामूहिक रूप से शांति पाठ किया और राष्ट्र एवं समाज के कल्याण की कामना के साथ अभियान का समापन किया। इस अवसर पर भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला संगठन मंत्री सह मुख्य योग शिक्षक प्रदीप केशरी, नगीना राम, विजय सोनी, मनदीप प्रसाद सोनी, रीना सोनी, सोनी सिंह, अय्यांश कुमार सिंह, दिव्यांश कुमार सिंह, रघुनन्दन सिंह, ओणम सिंह, संगीता देवी, योग शिक्षक श्रवण कुमार, राजीव रंजन, रेखा देवी, गोपाल तिवारी, रामदास पाल सहित बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!