माता के निधन के महज एक माह बाद पिता ने भी छोड़ा साथ, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मेराल पुराना बाजार के प्रतिष्ठित किराना व्यवसायी कैलाश प्रसाद सौंडिक का रांची में इलाज के दौरान निधन, शाम 6 बजे अंतिम संस्कार
मेराल। थाना मुख्यालय स्थित पुराना बाजार के सबसे पुराने किराना दुकान संचालक कैलाश प्रसाद सौंडिक के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन से महावीर मंडली के वरिष्ठ सदस्य कृष्ण प्रसाद सौंडिक, प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम संचालन समिति के उपाध्यक्ष प्रमोद महाजन एवं सुनील कुमार के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सबसे पीड़ादायक बात यह है कि माता के निधन के महज एक माह बाद ही पिता कैलाश प्रसाद सौंडिक ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया। लगातार हुए इस घटना से परिवार के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है। परिजनों के लिए यह असहनीय पीड़ा और अपूरणीय क्षति है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद कैलाश प्रसाद सौंडिक को बेहतर इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान आज उनका निधन हो गया।
उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों, परिचितों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग शोकाकुल परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम के मुख्य संरक्षक संजय भगत सहित कई लोगों ने परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन घड़ी में धैर्य रखने की अपील की। लोगों ने कहा कि माता-पिता को इतनी कम अवधि में खो देना परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।
जानकारी के अनुसार उनका अंतिम संस्कार आज शाम 6 बजे स्थानीय सरस्वती नदी श्मशान घाट पर किया जाएगा।
उनके निधन से मेराल पुराना बाजार सहित पूरे क्षेत्र में शोक का वातावरण है। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।




