शिक्षक दिवस पर योग शिक्षकों का सम्मान, अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ देकर किया अभिनंदन

शिक्षा, संस्कार और योग से स्वस्थ समाज का संदेश, सम्मान समारोह में दिखी गुरु-शिष्य परंपरा
बलराम शर्मा
गढ़वा। पतंजलि योग समिति सह भारत स्वाभिमान ट्रस्ट की गढ़वा इकाई के तत्वावधान में फोरेस्ट कॉलोनी स्थित योग कक्षा में शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजीव रंजन अग्रवाल एवं एलआईसी के डीओ दुबे आदि ने संयुक्त रूप से योग शिक्षक प्रदीप केसरी एवं श्रवण कुमार को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर राजीव रंजन अग्रवाल ने कहा कि भारत में प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह दिन देश के महान शिक्षाविद, दार्शनिक एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन ने शिक्षक से लेकर राष्ट्रपति पद तक पहुंचकर देश का गौरव बढ़ाया और शिक्षा तथा संस्कार के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में योग कक्षा की महिला साधिकाओं ने भी योग शिक्षकों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद अंजना अग्रवाल ने सभी साधकों के बीच फल का वितरण किया। समारोह में संगीता देवी, अभिमन्यु चौबे, निबंधन कार्यालय के सेवानिवृत्त कर्मी रामदास पाल, फोरेस्ट कार्यालय के लिपिक नगीना राम, शिवनाथ राम, रीना सिंह, अंजना अग्रवाल, रेखा देवी, ओणम सिंह, विमला देवी, गोरखनाथ तिवारी, मनीष गौतम, ब्रह्मदेव महतो, अशोक कुमार, विनोद सिंह, सार्थक कुमार, पूर्णिमा कुमारी सहित बड़ी संख्या में साधक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गुरु के प्रति सम्मान, योग के प्रति समर्पण और स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प प्रमुख रूप से दिखाई दिया।




