टॉप न्यूज़

त्योहारों को लेकर खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की सख्ती

लाइसेंस के बिना कारोबार पर होगी सख्त कार्रवाई

मिठाई दुकानों में चला जांच अभियान, खराब 8 किलो मिठाई नष्ट; एक प्रतिष्ठान पर 5 हजार रुपए जुर्माना

गढ़वा। आगामी रक्षाबंधन, दीपावली एवं अन्य त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर मंगलवार को अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आर.एस. सिंह एवं खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री ने गढ़वा शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दानरो नदी के समीप स्थित न्यू प्लाजा होटल, आकाशगंगा होटल, गोवावल स्वीट्स, प्रकाश स्वीट्स, बसंती मिठाई एवं मां जगदंबा स्वीट्स समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। न्यू प्लाजा होटल में जलेबी में अधिक रंग के इस्तेमाल के साथ साफ-सफाई में कमी पाई गई। यहां से रसमलाई का नमूना जांच के लिए लिया गया। संचालक को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का ही इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया। आकाशगंगा होटल में भारी गंदगी और जलजमाव पाया गया। यहां से छेना रसगुल्ला का नमूना जांच के लिए लिया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन नहीं करने पर प्रतिष्ठान संचालक पर ₹5 हजार का जुर्माना लगाया गया। वहीं, गोवावल स्वीट्स में 5 किलो और मां जगदंबा स्वीट्स में 3 किलो खराब मिठाई फ्रीजर में रखी मिली। जांच टीम ने तत्काल कुल 8 किलो खराब मिठाई को नष्ट कराया। दोनों प्रतिष्ठानों से अन्य मिठाइयों के नमूने भी जांच के लिए लिए गए। रंका मोड़ स्थित प्रकाश स्वीट्स एवं बसंती मिठाई समेत अन्य प्रतिष्ठानों की जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन संतोषजनक पाया गया।

लाइसेंस के बिना कारोबार पर होगी सख्त कार्रवाई

निरीक्षण टीम ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के कारोबार नहीं किया जाए। लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों को भी अपना लाइसेंस प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने, मिठाइयों को ढककर रखने, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि आगामी निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा लाइसेंस नहीं पाए जाने अथवा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के कर्मी विवेक तिवारी, संतोष कुमार समेत अन्य कर्मी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!