लातदाग स्कूल में गुरुजनों के सम्मान में गूंजा शिक्षक दिवस का संदेश

छात्रों ने उत्साह के साथ मनाया शिक्षक दिवस, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को दी श्रद्धांजलि
बलराम शर्मा
मेराल। दयानंद आर्य वैदिक लीलावचन पब्लिक स्कूल, लातदाग में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और स्नेह व्यक्त करते हुए समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक सुरेंद्र विश्वकर्मा एवं प्राचार्य मनोज कुमार ने भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन छात्राओं दिव्या, नव्या, बेबी, नूरजहां, नेहा, सृष्टि एवं राजनंदनी ने संयुक्त रूप से किया। छात्रों को संबोधित करते हुए निदेशक सुरेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि शिक्षक वह ज्योति है, जो विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश भरकर उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण करने वाला मार्गदर्शक होता है। प्राचार्य मनोज कुमार ने कहा कि बच्चों के सार्थक एवं सर्वांगीण विकास में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षक ही विद्यार्थियों में बहुमुखी प्रतिभा, अनुशासन, संस्कार एवं आदर्श नागरिक बनने के गुण विकसित करता है।समारोह में शिक्षक रिजवान अंसारी, नागेंद्र ठाकुर, अनूप, पवन, प्रियंका कुमारी, शमा परवीन, राधिका, निरावत्ती कुमारी सहित पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में विद्यार्थियों में उत्साह और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।