राष्ट्रीय खेल दिवस पर एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन में त्रिदिवसीय खेल महोत्सव का भव्य समापन

जूडो, कराटे और भावाभिव्यक्ति गतिविधियों में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी होंगे सम्मानित
मेराल। बंका रोड, मेराल स्थित एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन विद्यालय में आयोजित त्रिदिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का शनिवार को भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन खेल प्रशिक्षक आरपी तिवारी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के बीच जूडो, कराटे एवं भावाभिव्यक्ति आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
तीन दिनों तक चले खेल आयोजन के दौरान विद्यार्थियों के बीच विभिन्न खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं कराई गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन श्रेष्ठ प्रदर्शनकर्ता के रूप में किया गया है। खेल संबंधी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में आरुषि कुमारी, कबड्डी में रंजन यादव, उमंग कुमार एवं सिया कुमारी, कैरम में हनी कुमारी एवं चाणक्य देव, शतरंज में सिया कुमारी एवं आयुष कुमार, घड़ा फोड़ में शिवम कुमार रजक तथा जूडो में करुणा निधि एवं ऐसन कुमार ने सराहनीय प्रदर्शन किया। इन प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगामी विशेष अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव ने कहा कि त्रिदिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह ने बच्चों में खेलों के प्रति नई उमंग, जोश और उत्साह का संचार किया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के प्रत्येक शिक्षक का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ खेलों के लिए प्रेरित करने में अभिभावकों की भूमिका भी सराहनीय रही। विद्यालय परिवार ने आयोजन को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



