रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का झारखंड बंद, गढ़वा में रंका मोड़ जाम

रंका मोड़ पर सड़क पर उतरे भाजपा नेता-कार्यकर्ता, एंबुलेंस व स्कूल बसों को दी गई आवाजाही की छूट
गढ़वा। रांची में आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदेश भाजपा के आह्वान पर मंगलवार को गढ़वा में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आवागमन को पूरी तरह तप कर दिया है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रंका मोड़ स्थित घंटाघर चौक के समीप सड़क जाम कर दिया है। इससे शहर में आवागमन पूरी तरह प्रभावित है और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

गढ़वा जिलाध्यक्ष उदय कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लेकर सड़क पर उतरे। इस दौरान पार्टी नेता सूरज गुप्ता, विनोद चंद्रवंशी, प्रमोद कुमार चौबे, रिंकू तिवारी, विनय कुमार चौबे, मुन्ना तिवारी, उमेश सिंह, मनोज कुमार जायसवाल, उमेश कुमार कश्यप, डॉ. लालमोहन, इंदेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने रंका मोड़ पर लंबी दूरी की बसों समेत विभिन्न वाहनों को रोककर सड़क जाम किया। हालांकि, एंबुलेंस और स्कूल बसों को बंद से मुक्त रखा गया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार को प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया और बाद में पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का आरोप है। इसी घटना के विरोध में भाजपा ने झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद को लेकर पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।




