टॉप न्यूज़

गुरुजनों का सम्मान भारतीय संस्कृति की महान परंपरा है : भाजपा 

गुरु पूर्णिमा पर भाजपाइयों ने गुरुजनों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की

बलराम शर्मा 

मेराल । गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर मेराल हाई स्कूल चौक स्थित शिव मंदिर प्रांगण में भाजपा जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा के नेतृत्व में भाजपा संगठन द्वारा दीप प्रज्वलन एवं गुरु सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व उत्तरी मंडल अध्यक्ष अशोक केसरी एवं दक्षिणी मंडल अध्यक्ष राजेश यादव ने किया।

इस अवसर पर मेराल निवासी सेवानिवृत शिक्षक शालिग्राम प्रसाद, नामधारी कॉलेज के प्रोफेसर भास्कर कुमार तथा मेराल मिडिल स्कूल के शिक्षक मनोज कुमार को शॉल एवं सम्मान देकर उनके योगदान का अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा ने कहा कि गुरुजनों का सम्मान भारतीय संस्कृति की महान परंपरा है। उन्होंने कहा कि जीवन में तीन प्रकार के गुरु की आवश्यकता होती है। प्रत्येक गुरु का अपना अलग महत्व है और तीनों मिलकर व्यक्ति के जीवन को पूर्णता प्रदान करते हैं। पहला लौकिक गुरु जो हमें सांसारिक जीवन जीने की शिक्षा देते हैं। माता-पिता, शिक्षक, बड़े-बुजुर्ग और अनुभवी व्यक्ति इसी श्रेणी में आते हैं। दूसरा वैदिक गुरु जो हमें धर्म, वेद, उपनिषद, गीता, रामायण तथा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का ज्ञान कराते हैं। तीसरा परमार्थी गुरु जो आत्मज्ञान और ईश्वर प्राप्ति का मार्ग बताते हैं। लौकिक गुरु जीवन को सफल बनाते हैं, वैदिक गुरु जीवन को संस्कारित बनाते हैं और परमार्थी गुरु जीवन को सार्थक बनाकर आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल, भाजपा नेता अरविंद तूफानी, गोंदा पंचायत के पूर्व मुखिया प्रकाश कुमार अरुण, बीडीसी कृष्णदेव प्रजापति, बिशुनपुरा मंडल अध्यक्ष कृष्णा विश्वकर्मा, मंडल महामंत्री देवकांत ओझा, कोषाध्यक्ष अमित कुमार साह, राधेश्याम यादव, भाजपा नेता रविंद्र प्रसाद, रामसेवक गुप्ता, विकास द्विवेदी, सुरेंद्र राम सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन गुरुजनों के सम्मान एवं उनके आशीर्वाद के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!