पति व भसुर पर मारपीट व प्रताड़ना का आरोप, महिला ने थाना में दी शिकायत

जिस युवक के पिता ने एक दिन पूर्व चोरी तथा मारपीट का आरोप लगाया था उसी की पत्नी ने पति तथा भसुर पर लगाया है गंभीर आरोप
मेराल। एक दिन पहले जिस युवक के पिता ने अपने पुत्र पर चोरी और मारपीट का आरोप लगाते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, उसके अगले ही दिन युवक की पत्नी ने भी पति और भसुर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मेराल थाना में आवेदन दिया है।
पूर्वारा टोला निवासी एवं जेएसएलपीएस में ब्लॉक स्तरीय जेंडर सीआरपी के रूप में कार्यरत समता देवी ने आरोप लगाया है कि उनके पति सूर्यकांत मेहता और भसुर चन्द्रकांत मेहता लंबे समय से उनके साथ मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और धमकी देते रहे हैं। उन्होंने बताया कि पति को घर लाने गईं तो भसुर ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा पति को अपने साथ ले गए।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि घर का गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन, कपड़े समेत अन्य घरेलू सामान ले जाकर बेच दिया गया है। साथ ही जमीन बेचने और विरोध करने पर पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने यह भी कहा कि दोनों उनके कार्यस्थल पर पहुंचकर अभद्र व्यवहार करते हैं और नौकरी छोड़ने का दबाव बनाते हैं।
समता देवी ने मेराल थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई एवं परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


