वज्रपात की चपेट में आने से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

मेराल। थाना क्षेत्र के बिकताम गांव में सोमवार की अपराह्न करीब दो बजे हल्की बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान ममता कुंअर (50 वर्ष), पति स्वर्गीय देवबंश महतो, निवासी बिकताम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि ममता अपने घर के समीप स्थित खेत में कृषि कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और हल्की वर्षा के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में वह आ गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार वज्रपात इतना तेज था कि महिला गंभीर रूप से झुलस गई और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन एवं ग्रामीण उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची मेराल थाना पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
ममता कुंअर की आकस्मिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत योजना के तहत उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम एवं वज्रपात के दौरान खुले स्थानों और खेतों में काम करने से बचने की अपील की है।




