अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर फुटबॉल स्टेडियम में रोज गूंज रहा ‘योग मंत्र’

21 जून को हजारों आम और खास एक साथ करेंगे योग
गढ़वा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के सफल आयोजन को लेकर गढ़वा जिले में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जिला मुख्यालय स्थित फुटबॉल स्टेडियम में प्रतिदिन सुबह 5:00 बजे से 7:00 बजे तक कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है। योगाभ्यास में बड़ी संख्या में योग साधक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आमजन भाग लेकर योग दिवस की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
बुधवार को आयोजित योगाभ्यास सत्र में प्रभारी जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, पतंजलि योग समिति के सह राज्य प्रभारी रासबिहारी तिवारी ने योगाभ्यास का संचालन करते हुए उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया।

इस अवसर पर पतंजलि योग समिति के सोशल मीडिया राज्य प्रभारी संतोष कुमार पांडेय, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला प्रभारी संतोष कुमार चौबे, योग विस्तारक सुशील केसरी, संगठन मंत्री प्रदीप केसरी, अरविंद कुमार मिश्रा, विजय प्रसाद सोनी, अभिमन्यु चौबे, अमर कुमार गुप्ता, सुरेंद्र केसरी, जयप्रकाश केसरी, योगेंद्र सोनी, रमेश सोनी, किरण गुप्ता, ज्योति प्रकाश, विष्णु रावत, रामप्रवेश प्रसाद, सूर्यदेव दुबे एवं सुधांशु कुमार सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमी उपस्थित रहे।
योगाभ्यास के दौरान रासबिहारी तिवारी ने कहा कि वर्ष 2008 से जिले में पतंजलि योग समिति के प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से निःशुल्क योग कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी महत्वपूर्ण आधार है।
वहीं, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला प्रभारी संतोष कुमार चौबे ने बताया कि वर्ष 2015 से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन में पतंजलि योग समिति जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार जिला स्तरीय मुख्य योग दिवस कार्यक्रम 21 जून को फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
सोशल मीडिया राज्य प्रभारी संतोष कुमार पांडेय ने कहा कि योग दिवस को जन-जन का उत्सव बनाने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने तथा योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
जिला प्रभारी संतोष कुमार चौबे ने जिलेवासियों से प्रतिदिन आयोजित हो रहे प्रोटोकॉल योगाभ्यास में शामिल होने तथा 21 जून को हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने का अपील किया।




