दिवंगत पत्रकार रजनीश ठाकुर के निधन पर मेराल में शोक-सभा

असमय विदाई ने पत्रकारिता जगत को झकझोर दिया
मेराल। युवा पत्रकार रजनीश ठाकुर उर्फ बंटी के असमय निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। सड़क दुर्घटना में उनके निधन की खबर ने परिचितों, शुभचिंतकों और पत्रकार साथियों को भीतर तक झकझोर दिया है। शनिवार को मेराल में उनकी आत्मा की शांति के लिए शोकसभा का आयोजन किया गया। मौके पर वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेश मिश्रा ने रजनीश ठाकुर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि “विधाता के आगे किसी का नहीं चलता।” उन्होंने कहा कि एक युवा और कर्मठ पत्रकार का इस तरह असमय चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि रजनीश ठाकुर का मिलनसार और हंसमुख व्यक्तित्व उन्हें सबसे अलग बनाता था। वे अपने पीछे पत्नी, दो मासूम बच्चों सहित परिजनों और चाहने वालों को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शोकसभा में पत्रकार रामाशंकर चौबे, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, समाजसेवी खालिद अंसारी, यासीन अंसारी, विवेकानंद चौबे, विकास कुमार, बलराम शर्मा शामिल रहे। इस अवसर पर एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।




