मेराल में खाद्य दुकानों पर छापा, प्रतिबंधित उत्पाद मिलते ही मचा हड़कंप

स्टिंग-रेडबुल समेत कई चिन्हित उत्पाद दुकानों से हटवाए गए, बादल लाइन होटल से पनीर का नमूना जब्त
मेराल। त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मेराल बाजार में अचानक सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई की भनक लगते ही खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री, रसोईघर और भंडारण व्यवस्था की जांच की तथा नियमों की अनदेखी करने वालों को कड़ी चेतावनी दी।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गढ़वा-02 अनिरुद्ध रॉय के नेतृत्व में टीम ने मेराल बस स्टैंड स्थित अर्पित स्वीट्स, जयसवाल स्वीट्स, अर्पित मिष्ठान भंडार, शमीम अंसारी की कोल्ड ड्रिंक एजेंसी, संतोष सोनी के मिनी जेनरल स्टोर तथा बादल लाइन होटल में जांच की। जांच के दौरान भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा चिन्हित अमानक एवं गलत लेबलिंग वाले उत्पादों की उपलब्धता और बिक्री की पड़ताल की गई।

जांच में स्टिंग, रेडबुल एनर्जी ड्रिंक, लोटे चोको पाई समेत कुछ चिन्हित उत्पाद पाए गए। टीम ने ऐसे उत्पादों को तत्काल दुकानों से हटवा दिया। वहीं कोल्ड ड्रिंक एजेंसी और मिनी जनरल स्टोर संचालकों को एक्सपायरी खाद्य सामग्री न रखने और न ही उसकी बिक्री करने की सख्त हिदायत दी गई। खाद्य प्रतिष्ठानों के रसोईघर और स्टोर की भी बारीकी से जांच की गई। होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि खाना बनाने में जला हुआ या बार-बार इस्तेमाल किया गया तेल नहीं चलाएं, रसोईघर को साफ-सुथरा रखें तथा खाद्य सामग्री का सुरक्षित तरीके से भंडारण करें। इसके साथ ही सभी कर्मचारियों को निर्धारित पोशाक में रहने की हिदायत दी गई। इसी क्रम में बादल लाइन होटल से पनीर का सर्विलांस नमूना लिया गया, जिसे गुणवत्ता जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अनिरुद्ध रॉय ने कारोबारियों को चेताते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।अचानक हुई कार्रवाई से मेराल बाजार में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल रहा। खाद्य प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई, एक्सपायरी सामग्री और अमानक उत्पादों की बिक्री पर विभाग की सख्ती ने कारोबारियों को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि अब लापरवाही भारी पड़ सकती है।


