किस्मती कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग एंड फार्मेसी, मेराल में फ्रेशर्स वेलकम समारोह का भव्य आयोजन

संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है : डॉ अनिल कुमार साह
बलराम शर्मा
मेराल । प्रखंड मुख्यालय स्थित किस्मती कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग एंड फार्मेसी में प्रथम वर्ष के नर्सिंग एवं फार्मेसी के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा शनिवार को भव्य फ्रेशर्स वेलकम समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्साह, उमंग और पारिवारिक माहौल के बीच संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि गढ़वा जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, मेराल प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी, प्रख्यात समाजसेवी शांति किंडो, संस्थान के सचिव वीरेंद्र प्रसाद, निदेशक लव कुमार सिंह तथा संस्थान के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ छात्र-छात्राओं ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं तालियों की गड़गड़ाहट के बीच आत्मीय स्वागत किया। साथ ही गीत, नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, परिचय सत्र तथा विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों ने समारोह को यादगार बना दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शांति देवी ने कहा कि नर्सिंग एवं फार्मेसी केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, कड़ी मेहनत और नैतिक मूल्यों को अपनाते हुए शिक्षा प्राप्त करने तथा समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।

कॉलेज के संस्थापक डॉ. अनिल कुमार साह ने कहा कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रमुख दीपमाला कुमारी सहित अन्य अतिथियों ने भी नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को समर्पण एवं परिश्रम से हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने वरिष्ठ विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कॉलेज प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे समारोह में उत्साह, भाईचारे और अपनत्व का वातावरण देखने को मिला।




