शिव मंदिर परिसर में गूंजा हरियाली का संदेश, केसरवानी परिवार ने लगाए फलदार पौधे

गढ़वा। भंडरिया प्रखंड मुख्यालय स्थित शिव मंदिर परिसर में रविवार को केसरवानी परिवार के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक एकता का प्रेरणादायी संदेश देते हुए हरित वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गढ़वा के चिकित्सक डॉ. पतंजलि कुमार केशरी, प्रदीप केशरी, श्रीराम इंश्योरेंस गढ़वा इकाई के शाखा प्रबंधक अमित कुमार केशरी एवं भंडरिया केसरवानी परिवार के अध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद केशरी ने संयुक्त रूप से फलदार पौधे लगाए।

इस अवसर पर डॉ. पतंजलि कुमार केशरी ने कहा कि आज के दौर में पर्यावरण संरक्षण केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी बन गई है। पेड़-पौधे धरती को हरा-भरा रखने के साथ जलवायु संतुलन, स्वच्छ वातावरण, वर्षा और भू-जल स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि “जब धरती सुरक्षित रहेगी, तभी जल बचेगा और जल बचेगा, तभी अन्न उपजेगा। अन्न से ही मानव जीवन और जीविका संभव है।” उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।

वहीं अमित कुमार केशरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आज परिवार और समाज में एकता, भाईचारा एवं समानता की भावना को मजबूत करने की भी जरूरत है। ऐसे सामूहिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने और आने वाली पीढ़ी को सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और उन्हें वृक्ष बनने तक देखभाल करने का संकल्प लिया। मौके पर विवेक कुमार केशरी, राजकुमार केशरी, मंत्री अनिल कुमार केशरी, रामनाथ प्रसाद केशरी, अजय कुमार केशरी, चंदन कुमार केशरी, प्रमोद कुमार केशरी, ओम प्रकाश केशरी, संतोष कुमार केशरी, राज कुमार केशरी, सतेंद्र कुमार केशरी, रामजन्म कुमार केशरी, अनंत कुमार आनंद सहित बड़ी संख्या में केसरवानी परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि आज लगाया गया एक पौधा केवल पेड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, पानी, छांव और बेहतर जीवन की उम्मीद है।




