लातदाग मध्य विद्यालय में अनियमितता पर प्रशासन का सख्त एक्शन, प्रभारी प्रधानाध्यापक पर विभागीय कार्रवाई शुरू

प्रभारी प्रधानाध्यापक अमरेंद्र कुमार सिन्हा के विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू
मेराल। प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय, लातदाग में शैक्षणिक व्यवस्था एवं मध्याह्न भोजन (एमडीएम) संचालन में अनियमितता की शिकायत को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर कराई गई जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद संबंधित कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
उपायुक्त के निर्देश पर जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज द्वारा कराई गई जांच के प्रतिवेदन के आधार पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अमरेंद्र कुमार सिन्हा के विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं सहायक अध्यापक संजय कुमार द्विवेदी, प्रियंका द्विवेदी तथा मंजू कुमारी (संकुल साधन सेवी) के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए असंचयात्मक प्रभाव से एक वार्षिक वेतन/मानदेय वृद्धि पर रोक लगा दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण तथा मध्याह्न भोजन योजना के प्रभावी संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने सभी शिक्षकों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश देते हुए कहा है कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा और विद्यालयों की व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है।


