टॉप न्यूज़

डीआईजी किशोर कौशल ने किया मेराल थाना का निरीक्षण, पब्लिक फ्रेंडली पुलिसिंग पर दिया जोर

मेराल। पुलिस उप महानिरीक्षक किशोर कौशल ने मंगलवार को मेराल थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना के सभी अभिलेखों, पंजीयों, संचिकाओं एवं अपराध संबंधी रिकॉर्ड की गहन जांच की तथा पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

थाना परिसर पहुंचने पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत डीआईजी को पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी विष्णुकांत के नेतृत्व में आयोजित किट परेड का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने लंबित मामलों, कोर्ट नोटिस, वारंट, इश्तिहार, कुर्की-जब्ती सहित विभिन्न मामलों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके।

पत्रकारों से बातचीत में डीआईजी किशोर कौशल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी प्रकार की पंजीयों एवं संचिकाओं की जांच की गई। साथ ही यह भी देखा गया कि शिकायतकर्ताओं की शिकायतों पर किस प्रकार कार्रवाई की गई है। उन्होंने थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करें तथा उसकी जानकारी शिकायतकर्ता को भी समय पर उपलब्ध कराएं।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कुछ पुराने मामलों का निष्पादन संतोषजनक नहीं पाया गया, जिसके लिए संबंधित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

डीआईजी ने थाना में रखे गए अस्त्र-शस्त्र, मालखाना तथा अन्य अभिलेखों के समुचित रखरखाव पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ मित्रवत व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि मेराल थाना वास्तव में पब्लिक फ्रेंडली थाना बन सके।

निरीक्षण के दौरान सार्जेंट मेजर संतोष कुमार, सीडीपीओ दिलु लोहार, इंस्पेक्टर संतोष कुमार, थाना प्रभारी विष्णुकांत, एसआई रवि कुमार, विनोद पासवान, अरविंद कुमार, ओपी पांडे सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!