भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रुपु महतो के पिता जगन्नाथ महतो का निधन, शोक

भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने व्यक्त की गहरी सवेदना
बलराम शर्मा
मेराल । प्रखंड मुख्यालय के पूर्वारा टोला निवासी एवं भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रुपु महतो के वयोवृद्ध पिता जगन्नाथ महतो का शुक्रवार अहले सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ सा टूट पड़ा। उनके आवास पर सुबह से ही लोगों का तांता लगा रहा। परिजनों की आंखें नम थीं और अंतिम दर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह गमगीन रहा। हर आने वाला व्यक्ति दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाता नजर आया।

निधन की सूचना मिलने पर सांसद प्रतिनिधि विजय प्रसाद, वरिष्ठ नेता अलखनाथ पांडे, हरेंद्र कुमार द्विवेदी, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुमार कुशवाहा, मुखिया रामसागर महतो, पूर्व जिला परिषद सदस्य संजय भगत, वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेश कुमार मिश्रा, महेंद्र सिंह, रोहित कुमार, सुनील कुमार, सत्यनारायण कुशवाहा, विनोद कुमार कुशवाहा, वीरेंद्र चौधरी, सुधांशु शेखर, रामजी कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में, सामाजिक कार्यकर्ता, परिजन एवं स्थानीय ग्रामीण उनके आवास पहुंचे।

सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इसके बाद पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार स्थानीय श्मशान घाट पर किया गया।




