मेराल में “आपन सरस्वतिया” अभियान के पांचवें दिन नेनुआ मोड़ छठ घाट पर चला सफाई अभियान

“आपन सरस्वतिया” केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि मेराल की प्राकृतिक धरोहर को बचाने का सामूहिक प्रयास है : डॉ लालमोहन
बलराम शर्मा
मेराल। प्रखंड मुख्यालय में संचालित “आपन सरस्वतिया” अभियान के तहत गुरुवार को पांचवें दिन नेनुआ मोड़ छठ घाट पर सरस्वतिया नदी की सफाई एवं चौड़ीकरण का कार्य किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की पहल पर सीओ सह बीडीओ यशवंत नायक के नेतृत्व में जनसहयोग से चल रहे इस अभियान का संचालन मुखिया रामसागर महतो एवं विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन के द्वारा किया जा रहा है।
अभियान के तहत मेराल पूर्वी क्षेत्र में सरस्वतिया नदी की सफाई और चौड़ीकरण का कार्य जेसीबी मशीन एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से किया गया। गौरतलब है कि मेराल के बीच से बहने वाली सरस्वतिया नदी कभी वर्षभर स्वच्छ जल से परिपूर्ण रहती थी। ग्रामीण इसका उपयोग स्नान, घरेलू कार्यों तथा सिंचाई के लिए करते थे। हालांकि, बीते कुछ वर्षों में नदी का अस्तित्व संकट में पड़ गया था।
नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन को लेकर प्रशासन, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं प्रबुद्ध नागरिक एकजुट होकर प्रयासरत हैं। अभियान से जुड़े विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने कहा कि “आपन सरस्वतिया” केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि मेराल की प्राकृतिक धरोहर को बचाने का सामूहिक प्रयास है। जनसहयोग और प्रशासनिक समन्वय के बल पर इस अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है तथा नदी की पूर्ण सफाई तक यह अभियान जारी रहेगा।
बता दें कि अभियान में लोगों का उत्साह बढ़ाने के लिए सीओ सह बीडीओ यशवंत नायक ने अपनी ओर से प्रतिदिन एक जेसीबी मशीन का खर्च वहन करने की घोषणा की है। उनके इस योगदान की क्षेत्र में सराहना हो रही है तथा इससे प्रेरित होकर अन्य लोग भी अभियान से जुड़ रहे हैं।
गुरुवार की शाम में सफाई अभियान का निरीक्षण करने के बाद श्री नायक ने सामाजिक सहयोगकर्ताओं एवं सनराइज फैंस क्लब के कार्यकर्ताओं के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए अधिक से अधिक लोगों से अभियान में सहभागिता निभाने की अपील की।
मौके पर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

