पहले ही प्रयास में मनीष यादव ने नीट-2026 में 534 अंक हासिल कर रचा सफलता का इतिहास, लातदाग गांव का बढ़ाया गौरव

मनीष आगे चलकर एक कुशल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर गांव समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे : समाजसेवी प्रमोद प्रसाद गुप्ता
बलराम शर्मा
मेराल। प्रखंड क्षेत्र के लातदाग गांव निवासी राजकिशोर यादव के पुत्र मनीष यादव ने चिकित्सा प्रवेश परीक्षा नीट-2026 में पहले ही प्रयास में 534 अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी एवं गर्व का माहौल है। मनीष की सफलता ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
मनीष बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहे हैं। डॉक्टर बनने का सपना लेकर उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और कठिन परिश्रम के साथ तैयारी की। पहले ही प्रयास में शानदार अंक प्राप्त कर उन्होंने अपने एमबीबीएस डॉक्टर बनने के सपने को नई उड़ान दी है। अब वे मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेकर समाज की सेवा करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
मनीष की सफलता की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। माता-पिता सहित सभी परिजनों ने मिठाई खिलाकर उनकी उपलब्धि का जश्न मनाया। गांव के लोगों ने भी इसे लातदाग के लिए गौरव का क्षण बताते हुए मनीष की सराहना की।
इस उपलब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों ने मनीष यादव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गांव के समाजसेवी प्रमोद प्रसाद गुप्ता ने विश्वास जताया कि मनीष आगे चलकर एक कुशल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर गांव समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
मनीष की सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।




