टॉप न्यूज़

ब्राइट फ्यूचर स्कूल में शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी: ‘अच्छे अंक से पहले अच्छा इंसान बनाना है हमारी प्राथमिकता’ : अशोक विश्वकर्मा 

गढ़वा। शहर के सोनपुरवा स्थित ब्राइट फ्यूचर स्कूल में शनिवार को मासिक शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। विद्यालय की उप-प्राचार्या सुनीता पटेल ने सभी अभिभावकों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि आज के दौर में हर क्षेत्र में करियर की संभावनाएं हैं। केवल पुस्तकीय ज्ञान या अधिक अंक प्राप्त कर लेना ही सफलता की गारंटी नहीं है। बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब वे पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और नैतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करें।

उन्होंने कहा, “आज हम बच्चों को केवल अंक और नौकरी हासिल करने की मशीन बनाने में लगे हैं, जबकि जरूरत उन्हें एक अच्छा इंसान बनाने की है। यदि बच्चों में अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य और सामाजिक व्यवहार विकसित होंगे तो वे जीवन के किसी भी क्षेत्र में सफल हो सकते हैं।”

श्री विश्वकर्मा ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार और विद्यालय से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर चर्चा की तथा शिक्षण व्यवस्था से संबंधित सभी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के व्यक्तित्व विकास में विद्यालय के साथ सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

गोष्ठी में अभिभावकों ने भी अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। रमेश सोनी, डॉ. रशीद, शम्मा परवीन, प्रेमचंद विश्वकर्मा, आलोक प्रसाद सहित अन्य अभिभावकों ने बच्चों के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर अपने सुझाव रखे।

कार्यक्रम के अंत में एफए-2 (FA-2) परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया तथा विद्यार्थियों को परीक्षाफल वितरित किए गए।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में मधुबाला पाठक, सत्येंद्र पांडेय, सुजीता कुमारी, अनुपमा प्रसाद, नाहिद सब्बा, पूनम शर्मा, राजीव श्रीवास्तव, बिंदु कुमारी, सुनील कुमार, रूपा गुप्ता, अंकिता पांडेय, अनिशा कुमारी और रोजी परवीन सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!