अचानक ऑटो के ब्रेक लगाने से हुआ हादसा: गोद से छिटककर गिरी 10 माह की बच्ची की मौत, मां घायल

बलराम शर्मा
मेराल। थाना मुख्यालय स्थित रामकृष्ण पेट्रोल पंप के समीप शनिवार दोपहर करीब 12 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 माह की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, एक ऑटो गढ़वा की ओर जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी एक ऑटो से टकराने से बचने के लिए चालक ने अचानक जोरदार ब्रेक लगा दिया। जिसमें दस माह की बच्ची को गोद में लेकर बैठी महिला ब्रेक लगते ही संतुलन खो बैठी और बच्ची सहित सड़क पर गिर गई।
हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मां और बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेराल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने 10 माह की दिव्यांशी कुमारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी मां आरती देवी (26 वर्ष), पति अरविंद बैठा, निवासी पुतुर-सगमा का उपचार किया गया।
मृतक बच्ची की नानी सुनीता देवी ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्य के साथ हम सभी अपने घर हारादाग गांव से ऑटो पर सवार होकर इलाज के लिए गढ़वा जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के समीप ऑटो चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से उनकी बेटी आरती देवी नातिन सहित सड़क पर गिर गई, जिससे मासूम दिव्यांशी की जान चली गई।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, सूचना मिलते ही मेराल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।

