शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई जेटेट की परीक्षा

जिले के 26 केंद्रों पर दो पालियों में हुई परीक्षा, 14,625 में से 12,160 अभ्यर्थी हुए शामिल
गढ़वा। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा -2026 रविवार को गढ़वा जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने गोविन्द हाई स्कूल, मेराल उच्च विद्यालय, बालिका उच्च विद्यालय एवं गोपीनाथ सिंह महाविद्यालय, गढ़वा सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था एवं परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने का निर्देश दिया।
प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रख-रखाव एवं वितरण व्यवस्था की जांच के लिए अधिकारियों ने जिला कोषागार स्थित बज्रगृह का भी निरीक्षण किया।
26 केंद्रों पर 12,160 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़वा जिले में JTET-2026 के लिए कुल 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। इसमें कुल 14,625 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 12,160 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 2,465 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
प्रशासनिक सतर्कता से सफल हुआ आयोजन
परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी की समुचित व्यवस्था की गई थी। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए थे।
प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के बेहतर समन्वय और सतर्कता के बीच जिले में JTET-2026 की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई।




