मेराल : स्टेशन रोड तालाब छठ घाट पर सजेगी आस्था की भव्य छटा, आकर्षक रोशनी से जगमगाएगा घाट

छठ पूजा समिति की बैठक में भव्य आयोजन का निर्णय, लाइटिंग, टेंट और अन्य कार्यक्रमों पर हुई चर्चा
बलराम शर्मा
मेराल। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मेराल में तैयारियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में मंगलवार की शाम स्टेशन रोड स्थित महावीर मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों की बैठक हुई। छठ पूजा समिति के अध्यक्ष अभय राम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस वर्ष भी छठ महापर्व को धूमधाम और भव्यता के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में स्टेशन रोड शिव मंदिर तालाब स्थित छठ घाट को पिछले वर्ष की तरह इस बार भी आकर्षक ढंग से सजाने पर विस्तार से चर्चा हुई। श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्व की भव्यता को ध्यान में रखते हुए घाट पर आकर्षक विद्युत सजावट, रोशनी, टेंट, साउंड व्यवस्था और विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित लोगों ने सामूहिक सहयोग से आयोजन को यादगार बनाने पर सहमति जताई।समिति के सदस्यों ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता, त्याग और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस अवसर पर घाट की साफ-सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि व्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में समिति के सचिव अनूप सिंह, कोषाध्यक्ष संदीप राम, कामेश्वर सिंह, नंदलाल राम, राजेश सिंह, राहुल ठाकुर, कौशल सिंह, रंजन राम सहित कई युवा एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।




