टॉप न्यूज़

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, झामुमो परिवार में शोक

हिल व्यू अस्पताल में ली अंतिम सांस, तबीयत बिगड़ने पर मुख्यमंत्री ने रद्द किए कार्यक्रम, कैबिनेट बैठक भी हुई थी स्थगित

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार रात करीब आठ बजे रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में निधन हो गया। उनकी तबीयत बुधवार को अचानक बिगड़ गई थी। चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन की खबर मिलते ही सोरेन परिवार, झारखंड मुक्ति मोर्चा और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से उनकी स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अपनी मां की गंभीर स्थिति को देखते हुए बुधवार के कई निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। दिन में ही राज्य मंत्रिपरिषद की प्रस्तावित बैठक भी उनकी तबीयत खराब होने के कारण स्थगित कर दी गई थी। मुख्यमंत्री के अस्पताल पहुंचने के बाद राज्य सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद समेत कई नेता भी अस्पताल पहुंचे और रूपी सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली। चिकित्सकों की टीम लगातार उनके उपचार और स्वास्थ्य की निगरानी कर रही थी। बाद में चिकित्सकों ने उनके निधन की पुष्टि की। रूपी सोरेन के निधन की खबर सामने आने के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर है। झामुमो परिवार और समर्थकों के बीच भी शोक व्याप्त है। सोरेन परिवार के लिए यह गहरी निजी क्षति है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!