जंगल में चल रही अवैध महुआ शराब की भट्ठियों पर मेराल पुलिस का धावा, आधा दर्जन भट्ठियां ध्वस्त

500 किलो जावा महुआ मौके पर किया गया नष्ट, शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप
मेराल। थाना क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ मेराल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती दुलदुलवा के जंगली इलाके में छापामारी अभियान चलाकर अवैध रूप से संचालित करीब आधा दर्जन शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान शराब निर्माण के लिए छिपाकर रखा गया करीब 500 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही विनष्ट कर दिया।

सूत्रों के अनुसार, दुलदुलवा के जंगली क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब तैयार किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम ने जंगल में दबिश दी। पुलिस को देखते ही अवैध शराब निर्माण में लगे लोग मौके से भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने वहां संचालित भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए शराब बनाने के लिए तैयार किया गया जावा महुआ विनष्ट कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जंगल क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों की सूचना के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। छापेमारी अभियान में कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।



