टॉप न्यूज़

वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा का झारखंड बॉर्डर पर भाजपा नेताओं ने किया भव्य स्वागत, हुरदाग में हुआ लाभार्थी संवाद

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा- सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा भारत

गढ़वा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ का झारखंड-छत्तीसगढ़ सीमा स्थित गोदरमाना में रविवार को भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के गढ़वा जिले में प्रवेश करते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा 17 सितंबर से शुरू होकर 10 अक्टूबर को वाराणसी में संपन्न होने वाली है। गोदरमाना में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज तथा भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल सेवा यात्रियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।

स्वागत के दौरान जेसीबी से पुष्पवर्षा भी की गई, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवी माहौल में बदल गया। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। इसके बाद यात्रा रंका प्रखंड के हुरदाग पहुंची, जहां ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत लाभार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम (वीडी राम), पूर्व सांसद घूरन राम, विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज, जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी, विधायक प्रतिनिधि रिंकू तिवारी, मंडल अध्यक्ष बसंत प्रसाद सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया गया और योजनाओं से मिले लाभ तथा उनके अनुभवों की जानकारी ली गई। नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण का लाभ पहुंचाना है। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सांसद वीडी राम ने भी प्रधानमंत्री के कार्यों और सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वहीं विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए विभिन्न

जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने नल-जल, प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य योजनाओं को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा यात्रा के यात्रियों से संवाद करते हुए ‘सेवा ही सर्वोच्च कर्तव्य’ का संदेश दिया है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं और जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन से जोड़ने का अभियान है। ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!