हासनदाग में 11 दिवसीय गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ

वैदिक मंत्रोच्चार और गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा क्षेत्र, आकर्षक पंडाल में विराजे भगवान गणेश
बलराम शर्मा
मेराल। प्रखंड के हासनदाग गांव में सोमवार को स्टूडेंट क्लब के तत्वावधान में 11 दिवसीय गणेश चतुर्थी पूजा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। पूजा के शुभारंभ के साथ ही पूरा क्षेत्र वैदिक मंत्रोच्चार और गणपति बप्पा के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे श्रद्धाभाव के साथ पूजा पंडाल पहुंचे।
महोत्सव का शुभारंभ वाराणसी (काशी) से पधारे सुप्रसिद्ध आचार्य पंडित श्री श्री 1008 विश्वाकांत पांडे के सानिध्य में वैदिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान से हुआ। आचार्य ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की पूजा-अर्चना संपन्न कराई। मुख्य यजमान सहित श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के समक्ष शीश नवाकर क्षेत्र में सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

मुंबई की तर्ज पर सजा भव्य पूजा पंडाल
गणेश महोत्सव को लेकर स्टूडेंट क्लब के सदस्यों ने आकर्षक एवं भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया है। क्लब के सदस्यों के अनुसार, पिछले कई वर्षों से मुंबई की तर्ज पर गणेश पूजा का आयोजन धूमधाम से किया जाता रहा है। पंडाल में स्थापित भगवान श्री गणेश की दिव्य एवं मनमोहक प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि 11 दिनों तक चलने वाले महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम विशेष आरती, भोग एवं महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा बच्चों और स्थानीय लोगों के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि इन आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ना है।
महोत्सव को सफल बनाने में स्टूडेंट क्लब के सदस्यों के साथ हासनदाग गांव के ग्रामीण भी सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।
पूजा महोत्सव में सोनू विश्वकर्मा, अरकेश चंद्रवंशी, कृष्णा विश्वकर्मा, रमेश चंद्रवंशी, संजय विश्वकर्मा, रामप्रवेश चंद्रवंशी, उपेंद्र चंद्रवंशी, राजन विश्वकर्मा, दिनेश चंद्रवंशी, गोलू विश्वकर्मा, अवधेश चंद्रवंशी, दिलीप विश्वकर्मा, मनीष ठाकुर सहित कई लोग सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।




