टॉप न्यूज़

श्रीकृष्ण के नाम से गूंजेगा गढ़वा का प्रमुख बस पड़ाव

अंतरराज्यीय बस स्टैंड को मिला नया नाम-‘श्री कृष्ण अंतरराज्यीय बस स्टैंड’, जन्माष्टमी पर विधिवत हुआ नामकरण

बलराम शर्मा 

गढ़वा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी के पावन अवसर पर गढ़वा शहर के प्रमुख अंतरराज्यीय बस स्टैंड को नया नाम और नई पहचान मिली है। नगर परिषद द्वारा बस स्टैंड का नामकरण अब ‘श्री कृष्ण अंतरराज्यीय बस स्टैंड’ के रूप में कर दिया गया है। जन्माष्टमी के अवसर पर नए नाम का विधिवत उद्घाटन नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी उर्फ दौलत सोनी द्वारा किया गया। उद्घाटन के पश्चात अध्यक्ष श्री सोनी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर शहर के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल को भगवान श्रीकृष्ण के नाम से जोड़ना नगर परिषद के लिए विशेष महत्व रखता है।नगर परिषद बोर्ड की बैठक में बस स्टैंड का नाम बदलकर ‘श्री कृष्ण अंतरराज्यीय बस स्टैंड’ रखने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे बोर्ड ने सर्वसम्मति से पारित किया था। आज जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नए नाम के साथ बस स्टैंड की पहचान स्थापित की गई।

नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि गढ़वा शहर के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों को विशिष्ट और पहचान देने वाले नाम प्रदान करने की दिशा में नगर परिषद लगातार कार्य कर रही है। श्री कृष्ण अंतरराज्यीय बस स्टैंड शहर के लिए महज एक बस पड़ाव नहीं, बल्कि जिले का महत्वपूर्ण यात्री केंद्र है। यहां से झारखंड के अलावा पड़ोसी राज्यों के विभिन्न शहरों के लिए प्रतिदिन बसों का परिचालन होता है।  उन्होंने कहा कि बस स्टैंड का नया नाम शहरवासियों के साथ-साथ बाहर से आने-जाने वाले यात्रियों के बीच भी गढ़वा की एक अलग पहचान बनाएगा। भगवान श्रीकृष्ण के नाम से जुड़ा यह बस स्टैंड धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक पहचान और शहर की सार्वजनिक व्यवस्था—तीनों का सुंदर संगम बनेगा। उद्घाटन कार्यक्रम के अवसर पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष अनीता प्रसाद के साथ कई वार्ड पार्षद एवं अन्य प्रतिनिधियों के साथ कई ग्रामीणों की मौजूदगी रही। नए नाम को लेकर उपस्थित लोगों में उत्साह देखने को मिला और जन्माष्टमी के दिन गढ़वा को मिली इस नई पहचान को लोगों ने सराहा। अब गढ़वा का यह प्रमुख यात्री केंद्र देश-दुनिया में ‘श्री कृष्ण अंतरराज्यीय बस स्टैंड’ के नाम से जाना जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!