पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, सौतेले बेटे समेत कई पर महिला से मारपीट का आरोप

मेराल। थाना क्षेत्र के लखेया गांव में पारिवारिक विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। सौतेले बेटे, उसकी मामी एवं ननिहाल पक्ष की कुछ महिलाओं पर एक महिला के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में घायल महिला का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, घायल महिला सविता देवी, पति शिवशंकर चौधरी, की दूसरी पत्नी हैं। शिवशंकर चौधरी की पहली पत्नी का निधन हो चुका है। पहली पत्नी से उनकी तीन संतान हैं। इनमें बड़ा बेटा रितेश कुमार और छोटी बेटी अपनी मौसी के घर जाहरसरई गांव में रहते हैं, जबकि एक बेटी सविता देवी के साथ लखेया गांव में रहती है। बताया गया कि इन दिनों शिवशंकर चौधरी रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर हैं।
परिजनों के अनुसार, शनिवार को सविता देवी ने अपनी 13 वर्षीय सौतेली बेटी से खेत में काम करने के लिए साथ चलने को कहा। बेटी के मना करने पर उसे डांट-फटकार लगाई गई और घर में ताला लगाकर सविता देवी खेत चली गईं।
आरोप है कि इसके बाद किशोरी ने अपने भाई रितेश कुमार तथा ननिहाल पक्ष के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर रितेश कुमार, उसकी मामी और ननिहाल पक्ष की कुछ महिलाएं लखेया गांव पहुंचीं। आरोप है कि सभी ने मिलकर सविता देवी के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है। मामले को लेकर पुलिस में शिकायत किए जाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना के सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।


