मेराल में पतंजलि योग समिति और प्रखंड प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग महोत्सव का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

योग वह अमृत है जो हमें अस्पताल के बेड पर नहीं जाने देगा : प्रखंड प्रमुख दीपमाला
योग के लिए समय नहीं निकालेंगे तो इलाज के लिए अस्पताल में समय निकालना पड़ेगा : विधायक प्रतिनिधि, डॉ लालमोहन
मेराल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पतंजलि योग समिति प्रखंड इकाई एवं प्रखंड प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को मेराल हाई स्कूल मैदान में प्रखंड स्तरीय भव्य सामूहिक योग महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी, योग शिक्षिका सुषमा कुशवाहा, थाना प्रभारी विष्णु कांत, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, मुखिया रामसागर महतो, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुमार कुशवाहा, सीआई बिंदेश्वरी पासवान, संजय भगत, विजय प्रसाद, प्रधानाध्यापक लालता पटेल, डॉ. वीरेंद्र कुमार तथा डॉ. अनिल साह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पतंजलि योग समिति के प्रखंड प्रभारी बलराम शर्मा की अध्यक्षता में योग शिक्षिका सुषमा कुशवाहा द्वारा सभी को प्रोटोकॉल का

योगाभ्यास कराया गया। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी ने कहा कि योग वह अमृत है जो हमें अस्पताल के बेड पर नहीं जाने देगा। नियमित योग करने से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहेगा तो धन भी अर्जित होगा।
थाना प्रभारी विष्णु कांत ने योग के स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए लोगों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए भी जागरूक किया। विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरा विश्व योग दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि यदि लोग योग के लिए समय नहीं निकालेंगे तो भविष्य में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में समय देना पड़ेगा।

डॉ. अनिल साह ने योग को अनेक बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है। वहीं पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान न्यास के प्रखंड प्रभारी बलराम शर्मा ने कहा कि जीवन में अनुशासन और अच्छे आचरण का पालन करना भी योग का ही एक स्वरूप है।

कार्यक्रम के अंत में योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में इसकी भूमिका पर बल दिया गया। उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने तथा अपने पूर्वजों के भांति सत्य निष्ठा पर चलने का शपथ लिया। इससे पहले सभी अतिथियों का स्वागत पतंजलि योग समिति द्वारा अंग वस्त्र और योग प्रोटोकॉल का पुस्तक देकर किया गया। योग महोत्सव में भारतीय शिक्षा बोर्ड के प्रभारी ब्रजेश कुमार मिश्रा, प्रखंड नाजिर सुनील कुमार, डॉ लाल बहादुर साह, डॉ राकेश रंजन, मुखिया पति मुन्ना राम, कृष्ण प्रसाद कुशवाहा, महेंद्र प्रसाद, रोहित कुमार, सुनील मेहता, मदन यादव, धनंजय चौधरी सुरकेश बैठा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।



