टॉप न्यूज़

सीएचसी मेराल में टास्क फोर्स की बैठक, पोलियो एवं एचपीवी टीकाकरण पर विशेष चर्चा

प्रखंड में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया

मेराल । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मेराल में प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी, विधायक प्रतिनिधि डॉ लालमोहन, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ वीरेंद्र कुमार के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, एएनएम, सहिया तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से पोलियो उन्मूलन अभियान एवं एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए शत-प्रतिशत बच्चों तक टीकाकरण पहुंचाना आवश्यक है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाने एवं छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उन्हें टीका दिलाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल कैंसर) से बचाने के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि यह टीका किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाकर अधिक से अधिक लाभार्थियों को टीकाकरण से जोड़ने पर बल दिया गया।

इस दौरान टीकाकरण से संबंधित आंकड़ों की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य कर्मियों को घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी देने तथा किसी भी प्रकार की भ्रांतियों को दूर करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने की आवश्यकता है।

बैठक के अंत में सभी संबंधित कर्मियों से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए प्रखंड में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!