शिवनंदन फ्यूल नामक पेट्रोल पंप को प्रशासन ने किया “सील”

गैलन में पेट्रोल-डीजल देने के नाम पर अवैध वसूली का वीडियो वायरल होने पर की गई कार्रवाई
एसडीओ ने प्राथमिकी दर्ज करने का दिया निर्देश, इंडियन ऑयल को भी दी गई सूचना
बलराम शर्मा
मेराल । ईंधन संकट के बीच प्रशासन ने प्रखंड के लातदाग गांव में एनएच 39 किनारे अवस्थित शिवनंदन फ्यूल नामक पेट्रोल पंप पर नियमों को ताक पर रखकर गैलन में डीजल पेट्रोल देने तथा अवैध राशि की वसूली के आरोप में
पेट्रोल पंप को सील कर दिया। प्रशासन की यह कार्रवाई गैलन में पेट्रोल-डीजल देने के बदले निर्धारित राशि से अतिरिक्त पैसे वसूलने का वीडियो वायरल होने पर किया गया।
वायरल वीडियो में पेट्रोल पंप के कर्मी द्वारा गैलन में पेट्रोल-डीजल देने के बदले एक व्यक्ति से 200 रुपए अतिरिक्त की मांग की जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन तत्काल हरकत में आया और मामले की जांच शुरू की।
जांच में आरोप सही पाया गया

प्रशासनिक जांच में यह पुष्टि हुई कि गैलन में डीजल देने के नाम पर एक उपभोक्ता से अतिरिक्त 200 रुपए की मांग की जा रही थी। जांच के बाद गढ़वा सदर एसडीओ संजय कुमार ने सख्त कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप को तत्काल सील करने तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश मेराल सीओ यशवंत नायक को दिया गया। एसडीओ के निर्देश पर सीओ द्वारा तत्काल पेट्रोल पंप मशीन कराया गया साथ ही प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई।
नियमों का उल्लंघन और अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं : एसडीओ

सख्त प्रशासन के लिए मशहूर एसडीओ संजय कुमार ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं से अवैध वसूली एवं नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य पेट्रोल पंप संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। मौके पर एसडीओ के साथ डीएसओ देवानंद राम, सीओ सह बीडीओ यशवंत नायक, बीएसओ तथा थाना प्रभारी मेराल विष्णु कांत सहित संबंधित कर्मचारी एवं पुलिस बल के जवान मौजूद थे। अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी इंडियन ऑयल के एरिया सेल्स मैनेजर को भी दे दी गई है।




