विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के बंद पैतृक घर में हुई चोरी, ताला तोड़कर घर में घुसे चोर

बलराम शर्मा
गढ़वा । जिला मुख्यालय के गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के बेलहारा गांव स्थित पैतृक बंद आवास में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। सदर थाना क्षेत्र में हाई प्रोफाइल इस चोरी की घटना की खबर पूरे जिले में जंगल की आग की तरह फैलने से पुलिस प्रशासन के पसीने छूट रहे हैं। चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और जमकर उत्पात मचाया। सुबह जब स्थानीय लोगों को घटना की भनक लगी, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं थे, घर खाली होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने ताला तोड़ा और भीतर घुस कर घर के कमरों में रखे सामान को पूरी तरह तितर-बितर कर दिया। फिलहाल नुकसान के सटीक आकलन की प्रक्रिया चल रही है।

सूचना मिलते ही गढ़वा सदर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर मुआयना किया तथा डॉग स्क्वाड को लाकर साक्ष्य जुटाने के लिए जांच पड़ताल में जुट गई है। एसपी अमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विधायक के पैतृक आवास में चोरी की सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम को मौके पर भेजा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में कोई सदस्य नहीं रहता था, जिसका फायदा उठाते हुए चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। घर का ताला टूटा पाया गया है और सामान बिखरा हुआ है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया गया कि पुलिस अब आसपास के इलाकों में संदिग्धों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।

इधर विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि चोरों ने घर में घुसकर उत्पाद मचाया है, चोरी का आकलन किया जा रहा है। चोरी की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर भी सवाल उठा रहे हैं।




