गढ़वा शहर में दिन दहाड़े दो युवक लाखों रुपए के कीमती आभूषण लेकर हुए फरार
मौके पर दलबल के साथ पहुंचे एसडीपीओ नीरज कुमार और थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, कहा जल्दबाजी में कुछ कहना उचित नहीं
गढ़वा । शहर के अति व्यस्ततम इलाके पुरानी बाजार में शनिवार को दिनदहाड़े एक सराफा दुकान से लाखों रुपए के जेवर उड़ाने की घटना ने शहर के लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार नरेश बाबू सराफ ज्वैलरी दुकान को दो अज्ञात युवकों ने अपना निशाना बनाया और जेवर खरीदने के बहाने लाखों रुपए के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना गढ़वा थाना पुलिस को दी गई। जेवर खरीदने के बहाने दिया चकमा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे। जिन्होंने जेवर देखने और खरीदने की बात कही। दुकानदार द्वारा आभूषण दिखाए जाने के दौरान दोनों ने मौका देखकर दुकानदार को चकमा दिया और लाखों रुपए के कीमती जेवर लेकर वहां से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को भनक तक नहीं लगी। जब तक दुकानदार को पूरी स्थिति का एहसास हुआ, तब तक आरोपी मौके से गायब हो चुके थे। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुआ वारदात पुरानी बाजार गढ़वा शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां सुबह से लेकर रात लगभग 9 बजे तक भारी भीड़ रहती है। ऐसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े इस तरह की घटना ने व्यापारियों और आम लोगों में दहशत पैदा कर दी है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि भीड़भाड़ के बावजूद इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरी को दर्शाती है। पुलिस पहुंची मौके पर, जांच शुरू घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ नीरज कुमार और थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।मामले को लेकर पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि घटना के बाद टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी जांच प्रारंभिक चरण में है और जल्दबाजी में कुछ भी कहना उचित नहीं होगा। सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। व्यवसायियों में चिंता का माहौल इस घटना के बाद पुरानी बाजार के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। कई दुकानदारों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि बाजार क्षेत्र में नियमित गश्ती और निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

