संधि पूजा और दीपदान से भक्तिमय हुआ पूरा मेराल

प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम समेत विभिन्न पूजा पंडालों में विशेष पूजा-अर्चना और दीपदान, श्रद्धालुओं ने सुख-शांति व समृद्धि की कामना की
बलराम शर्मा
मेराल। शक्ति की आराधना, अटूट आस्था और भक्ति के अद्भुत संगम के बीच शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी की विदाई और महानवमी के शुभागमन के संधिकाल में प्रखंड का कोना-कोना मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर हो उठा। प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम सहित प्रखंड मुख्यालय के विभिन्न पूजा पंडालों में संधि पूजा श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर पूजा-अर्चना और दीपदान के लिए श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। दीपदान से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सनातन परंपरा में विशेष महत्व रखने वाले इस संधिकाल में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में दीप अर्पित कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की उमड़ती भीड़, मंत्रोच्चार की गूंज और दीपों की कतारों ने माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।पुरानी बाजार स्थित ऐतिहासिक दुर्गा मंडप में युवा विकास मंच के नेतृत्व में भव्य दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से दीप प्रज्वलित कर मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। वहीं छवआना टोला, बस स्टैंड स्थित जय भवानी संघ के पंडाल, अस्पताल चौक, चांदनी चौक, पूर्वारा टोला और बड़का खलिहान सहित विभिन्न पूजा पंडालों में भी दीपदान का आयोजन हुआ। दीपदान के दौरान महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने पारंपरिक श्रद्धा के साथ मां की आराधना कर मां दुर्गा से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने की प्रार्थना की।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क
नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और पूजा कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन भी सतर्क रहा। विधि-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए नियंत्रण कक्ष से क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की लगातार गश्ती जारी रही, ताकि पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।


