टॉप न्यूज़

भवन तैयार, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र के संचालन पर उठे सवाल

दुलदुलवा के श्रीकांत चंद्रवंशी ने नियमित स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की उठाई मांग, सिविल सर्जन बोले- शुरू हो चुका है संचालन, नियमित बैठ रहे हैं स्वास्थ्यकर्मी

बलराम शर्मा

मेराल। प्रखंड के दुलदुलवा ग्राम पंचायत में लाखों रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन तैयार होने के बावजूद इसके नियमित संचालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि भवन बनने के बाद भी क्षेत्र के लोगों को अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में दुलदुलवा निवासी श्रीकांत चंद्रवंशी ने सिविल सर्जन, गढ़वा को आवेदन सौंप कर स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने की मांग की है।

आवेदन में कहा गया है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुलदुलवा का भवन निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन अस्पताल के नियमित संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। स्वास्थ्य सुविधा के अभाव में पंचायत क्षेत्र के गरीब, असहाय, बुजुर्ग, महिलाओं एवं बच्चों को छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी दूर-दराज के अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है। इससे ग्रामीणों को आर्थिक परेशानी के साथ समय की बर्बादी भी झेलनी पड़ रही है। वहीं, आपातकालीन स्थिति में समय पर उपचार उपलब्ध कराना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

श्री चंद्रवंशी ने सिविल सर्जन से मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, आवश्यक दवाइयां एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नियमित रूप से चिकित्सा सेवा सुनिश्चित करने की मांग की है।

इधर, सिविल सर्जन ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र का संचालन शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि मेराल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दुलदुलवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से स्वास्थ्यकर्मी बैठ रहे हैं और मरीजों का उपचार किया जा रहा है। मरीजों के पंजीकरण से संबंधित रजिस्टर फोटो भी उन्हें उपलब्ध कराया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!