टॉप न्यूज़

बाना पंचायत में वित्तीय समावेशन शिविर, 82 लोगों ने कराया बीमा

जनधन खातों की केवाईसी, बीमा योजनाओं और अटल पेंशन योजना के प्रति ग्रामीणों को किया गया जागरूक

बलराम शर्मा

मेराल। प्रखंड के बाना पंचायत भवन में वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) एवं भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार वित्तीय समावेशन योजना के तहत संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। अग्रगति के सीएफएल समन्वयक गुरुदेव विश्वकर्मा एवं प्रशिक्षिका अंजू कुमारी के नेतृत्व में झारखंड ग्रामीण बैंक, मेराल के सहयोग से आयोजित शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं और केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला अग्रणी बैंक, गढ़वा के प्रतिनिधि सत्यदेव कुमार रंजन ने बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने खाताधारकों से समय पर बीमा कराने की अपील करते हुए कहा कि किसी अनहोनी की स्थिति में बीमा का लाभ नियमानुसार नामित व्यक्ति (नॉमिनी) को मिल सकता है। शिविर में निष्क्रिय प्रधानमंत्री जनधन योजना खातों की केवाईसी का पुनः सत्यापन, पात्र वयस्कों के नए बैंक खाते खोलने, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना में नामांकन तथा बैंक खातों में नॉमिनी का नाम जोड़ने से संबंधित जानकारी दी गई। इस दौरान पात्र लाभुकों का बीमा एवं अन्य योजनाओं के लिए आवेदन भी लिया गया। सीएफएल समन्वयक गुरुदेव विश्वकर्मा ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। वहीं, बाना पंचायत की मुखिया गौरी देवी ने ग्रामीणों से कम प्रीमियम वाली बीमा योजनाओं से जुड़कर सामाजिक सुरक्षा का लाभ उठाने की अपील की। झारखंड ग्रामीण बैंक, गढ़वा के एफएलसी राजीव कुमार दुबे ने अटल पेंशन योजना की जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना वृद्धावस्था में नियमित पेंशन के माध्यम से आर्थिक सहारा प्रदान करने में मदद करती है। शिविर के दौरान बैंकिंग प्रतिनिधियों (बीसी) के सहयोग से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 32, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 27 तथा अटल पेंशन योजना के तहत 15 लोगों का नामांकन किया गया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत बैंक खाते खोलने के लिए आठ आवेदन प्राप्त हुए। कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक अनूप अजित केरकेट्टा, बाना पंचायत के उपमुखिया भोला पासवान, बैंक सखी रीता कुमारी एवं शहनाज बानो, जेएसएलपीएस की जेंडर सीआरपी रानी देवी, सक्रिय महिला राजकुमारी देवी, एफएलसीआरपी प्रतिमा देवी, स्वयं सहायता समूह की कार्यकर्ता अनिता भारती, विभा रवि एवं काजल कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे। शिविर में सीएसपी संचालक धर्मेंद्र कुमार गुप्ता, यूनुस, अयोध्या ठाकुर एवं एजाज मुस्तफा समेत कई ग्रामीणों ने भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!